
MD-JUNAID KHAN
बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अकलतरी में ईंट और धारदार हंसिया से हमला कर बेरहमी से हत्या की घटना को अंजाम देने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात मृतक इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय सारधा भार्गव, निवासी नीम चौक, अकलतरी और गांव के कुछ लोगों के बीच गाली-गलौज को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि गांव के ही अमित कुमार सोनवानी (19 वर्ष) और सुधीर सोनवानी (26 वर्ष) गुस्से में मृतक इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू के घर की छत पर पहुंच गए। वहां उन्होंने दीवार की ईंट निकालकर उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में धारदार हंसिया का भी इस्तेमाल किया गया। गंभीर चोटों के कारण इंद्रप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही रात करीब एक बजे रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे की हालत में थे। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि मृतक उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था, जिससे आक्रोशित होकर उन्होंने हमला कर दिया। हालांकि दोनों के होश में आने के बाद घटना के पूरे घटनाक्रम और हत्या के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी। घटनास्थल से खून से सनी ईंट और धारदार हंसिया बरामद किया गया है। एफएसएल टीम मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाएगी, जबकि शव का पोस्टमार्टम कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

नाम गिरफ्तार आरोपी –
1. अमित कुमार सोनवानी (19 वर्ष), पिता सुरेश सोनवानी, निवासी अकलतरी।
2. सुधीर सोनवानी (26 वर्ष), पिता दिलेश सोनवानी, निवासी अकलतरी।

