
MD-JUNAID KHAN
बिलासपुर। जिले के सरकंडा पुलिस ने दुकान में हुई नकबजनी का खुलासा करते हुए चंद घंटों में शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से 3 लाख रुपये की चोरी का शत- प्रतिशत माल बर आमद कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में थाना सरकंडा पुलिस ने कार्यवाही को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार 16 जुलाई 2026 को प्रार्थी आशीष साहू (43 वर्ष), निवासी चिंगराजपारा, बिलासपुर ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी गोपाल किराना दुकान (हर्ष किंगडम के सामने) में 15 जुलाई की रात से 16 जुलाई की सुबह के बीच अज्ञात चोर ने पीछे के दरवाजे का कुंदा उखाड़कर दुकान में प्रवेश किया। चोर दुकान के गल्ले से ₹2,50,000 नकद, सैमसंग कंपनी की स्मार्ट वॉच, एयरफोन, चांदी के सिक्के, चांदी की मूर्तियां, तथा पैन कार्ड, आधार कार्ड और आरसी बुक सहित लगभग ₹3 लाख का सामान चोरी कर फरार हो गया। मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1053/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305 बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान सूचना मिली कि अशोक नगर निवासी शुभम यादव के पास चोरी का सामान मौजूद है।
पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर शुभम यादव (24 वर्ष), निवासी बिजली ऑफिस के पीछे, शिव मंदिर के पास, अशोक नगर, सरकंडा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल किया कि उसने नशे की हालत में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई ₹2.50 लाख नकद राशि सहित स्मार्ट वॉच, एयरफोन, चांदी के सिक्के, मूर्तियां और अन्य सामान कुल बर आमद मशरूका की कीमत लगभग ₹3 लाख, जप्त कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।

उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य, सउनि भरत लाल राठौर, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, आरक्षक आफाक खान, संजीव जांगड़े एवं विवेक राय का अहम किरदार रहा।

