
MD Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के बिल्हा पुलिस द्वारा हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले के दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार 13 जुलाई 2026 की सुबह ग्राम डोडकी में दीवार से सटाकर मकान बनाने की बात को लेकर विवाद हो गया। शिकायतकर्ता रमेश कुमार कोसले (35 वर्ष) ने थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रामू यादव, रामजीवन यादव और सोहन यादव ने एक राय होकर उनके तथा उनके पिता अंजोरदास कोसले के साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से डंडों से हमला कर गंभीर रूप से मारपीट की।
शिकायत पर थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 360/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में बिल्हा पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान सोहन यादव (60 वर्ष), पिता स्व. सुदर्शन यादव, निवासी ग्राम डोडकी, थाना बिल्हा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने पुत्र के साथ मिलकर प्रार्थी और उसके पिता के साथ मारपीट करना कबूल किए जाने पर आरोपी को 14 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। प्रकरण के अन्य आरोपी रामू यादव और रामजीवन यादव फरार हैं। जिनकी पता तलाश जारी है।

उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम का अहम किरदार रहा।

