CG CRIME

म्यूल अकाउंट गिरोह पर साइबर पुलिस की बड़ी कार्यवाही- 05 आरोपी गिरफ्तार

MD-Junaid Khan

जांजगीर-चांपा। जिले के साइबर थाना जांजगीर-चांपा पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के जरिए देशभर में साइबर ठगी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए पुलिस ने मामले में 5 म्यूल खाता धारकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय की गाइडलाइन और पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशों के तहत साइबर थाना द्वारा कार्यवाही की गई, जांच में देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 33 साइबर फ्रॉड के मामलों का कनेक्शन सामने आया है, जिनमें करीब 10 करोड़ 18 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आई है। जांच में सामने आया कि कुछ लोगों ने कमीशन और आर्थिक लाभ के लालच में अपने नाम से बैंक खाते और मोबाइल सिम खुलवाकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को प्राप्त करने और आगे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था।

पुलिस को समन्वय पोर्टल से मिले इनपुट के आधार पर बैंकिंग ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। जांच में इन म्यूल खातों का संबंध देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 33 साइबर फ्रॉड प्रकरणों से पाया गया। इन मामलों में कुल लगभग ₹10 करोड़ 18 लाख 19 हजार 809 रुपये की साइबर ठगी सामने आई है। वहीं, आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए म्यूल खातों में करीब ₹66 लाख 557 रुपये की ठगी की रकम ट्रांसफर होने की जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, इन 33 मामलों में आंध्र प्रदेश के 4, गोवा के 2, गुजरात के 5, हिमाचल प्रदेश के 2, कर्नाटक के 6, महाराष्ट्र के 3, राजस्थान के 2, तेलंगाना के 4, उत्तर प्रदेश के 2, पश्चिम बंगाल के 1 और छत्तीसगढ़ के 2 मामले शामिल हैं। मामले में पुलिस ने
(1)- सत्यनारायण आदित्य निवासी ग्राम किकिरदा, जिला जांजगीर-चांपा,(2)-तुषार सिंह राठौर निवासी फरसवानी, जिला कोरबा,(3)- हरिश कुमार देवांगन निवासी सिवनी, चांपा,
(4)- ओम प्रकाश केंवट निवासी फरसवानी, जिला कोरबा,
और (5)- मनोज कुमार मांझी निवासी चांपा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में कुछ आरोपियों ने बताया कि संदीप चंद्रा और उसके साथियों द्वारा कमीशन का लालच देकर बैंक खाते खुलवाए गए थे। मोबाइल नंबर चालू करवाकर बैंक खाते अपने कब्जे में लिए गए और साइबर अपराधियों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराए गए। इसके बदले खाताधारकों को कमीशन के रूप में रकम मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, संदीप चंद्रा वर्तमान में बिलासपुर रेंज साइबर थाना में दर्ज एक साइबर फ्रॉड मामले में केंद्रीय जेल में निरुद्ध है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना जांजगीर-चांपा में अपराध क्रमांक 06/2026 के तहत धारा 61(2), 317(4), 317(5), 318(4) और 323 बीएनएस में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

नाम गिरफ्तार आरोपी:

(1)- सत्यनारायण आदित्य निवासी ग्राम किकिरदा, जिला जांजगीर-चांपा,
(2)- तुषार सिंह राठौर निवासी फरसवानी, जिला कोरबा,
(3)- हरिश कुमार देवांगन निवासी सिवनी, चांपा,
(4)- ओम प्रकाश केंवट निवासी फरसवानी, जिला कोरबा,
(5)- मनोज कुमार मांझी निवासी चांपा।


उपरोक्त कार्यवाही में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि विवेक सिंह, आरक्षक प्रदीप दुबे, चिरंजीव कुमार सहित साइबर थाना टीम का अहम किरदार रहा।

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top