
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के मस्तूरी पुलिस द्वारा युवक को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार राहुल साहू (22 वर्ष) निवासी हिरी की आत्महत्या मामले की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि मृतक ने सरकारी रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने के नाम पर अपने मामा इन्द्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी और मामी अंबिका वैष्णव को रिश्तेदारी के भरोसे पैसे दिए थे। जांच में सामने आया कि नौकरी नहीं लगने पर राहुल ने कई बार अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि 9 मार्च 2026 को पैसे मांगने पर मामी ने उसे धमकी दी कि यदि दोबारा पैसे मांगने आया तो झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसा दिया जाएगा।
धमकी और लगातार मानसिक प्रताड़ना से राहुल बेहद परेशान और भयभीत हो गया। परिजनों के अनुसार उसने पूरी घटना घरवालों को बताई थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अप्रैल 2025 से ही आरोपी दंपति द्वारा मृतक को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। प्रकरण में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

नाम गिरफ्तार आरोपी:
(1)- इन्द्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी (44 वर्ष)
(2)- अंबिका वैष्णव (35 वर्ष)
निवासी – लिमतरा, पहरीपारा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर।

