
Md-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के तखतपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत भाड़म में एक ही परिवार के मां बेटे समेत तीन सदस्यों की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दसन बाई सिंगरौल शुक्रवार सुबह अपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए GI तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी करने गई थीं। उनके साथ उनके दोनों बेटे विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद थे। इसी दौरान किसी तरह तीनों करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, शाम को घर लौटे तो पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। काफी तलाश के बाद जब वे खेत पहुंचे तो वहां पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े मिले। यह मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए। प्रारंभिक जांच में करंट लगना मौत का कारण माना जा रहा है।

हालांकि, खेत की घेराबंदी के दौरान करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा। पुलिस सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।

