
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले की रतनपुर पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी लगातार फरार था, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 को भेलवापारा, कलमीटार निवासी एक युवक ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने घर के आंगन में था, तभी इशांत सारथी, सोम रजक (उर्फ रोशन निर्मलकर), निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके अन्य साथियों ने उसके गले पर चाकू अड़ाकर जबरन मोटरसाइकिल में बैठाया और कोरबा भांवर जंगल ले गए।
आरोपियों ने वहां पीड़ित के सामने गांजा फैलाकर उसकी फोटो खींची और फिर उसकी मां को फोन कर यह कहलवाया कि वह गांजा मामले में पुलिस के हत्थे चढ़ गया है तथा पुलिस उसे छोड़ने के लिए ₹50,000 मांग रही है। इसके बाद परिजनों से 50 हजार रुपये लाने को कहा गया। पीड़ित के परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रतनपुर पुलिस ने पहले ही निखिल रजक उर्फ एलियन और इशांत सारथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
घटना के बाद से फरार चल रहे सोम उर्फ रोशन निर्मलकर की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। सूचना मिली कि वह अपने घर आया हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

नाम गिरफ्तार आरोपी
सोम उर्फ रोशन निर्मलकर
पिता – रामेश्वर निर्मलकर
उम्र – 20 वर्ष
निवासी – महामायापारा, रतनपुर, जिला बिलासपुर
प्रकरण में एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी की तलाश जारी है।

