CG CRIME

बिलासपुर | रतनपुर |अपहरण कर फिरौती मांगने वाला एक नाबालिग सहित एक आरोपी गिरफ्तार

MD-Junaid Khan

बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में अपहरण कर फिरौती मांगने वाले एक आरोपी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 को भेलवापारा कलमीटार निवासी युवक ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने घर के आंगन में मौजूद था, तभी रतनपुर निवासी इशांन सारथी, सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके अन्य साथी उसके पास पहुंचे और बातचीत के बहाने उसे घर से बाहर बुलाया। आरोप है कि आरोपियों ने युवक के गले पर धारदार चाकू अड़ाकर जबरन मोटरसाइकिल में बैठाया और कोरबा भांवर जंगल ले गए। वहां उसके सामने कागज पर गांजा फैलाकर फोटो खींची गई और उसे धमकाते हुए कहा गया कि वह अपने घर वालों को फोन कर बताए कि वह गांजा मामले में पाली थाना में पकड़ा गया है तथा मामला रफा-दफा कराने के लिए 50 हजार रुपये की जरूरत है।

पीड़ित ने आरोपियों के दबाव में अपनी मां को फोन कर 50 हजार रुपये लाने के लिए कहा। आरोपियों ने रकम लेने के लिए पहले महामाया मंदिर बाईपास स्थित बादल महल के पास और बाद में रतनपुर हेलीपेड के पास बुलाया। इसी दौरान परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस टीम ने निगरानी करते हुए मौके पर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पीछा कर इशांन सारथी (18 वर्ष) और एक नाबालिग को पकड़ लिया गया। जबकि सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन एवं एक अन्य आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। रतनपुर थाना में आरोपियों के खिलाफ अपहरण, धमकी और फिरौती मांगने सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्यवाही कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मनोज एक्का, आरक्षक पवन ठाकुर एवं लेखपाल खुसरो का अहम किरदार रहा।

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top