

MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के रतनपुर पुलिस द्वारा अलग-अलग दो स्थानों पर हुई चोरी के मामलों में त्वरित कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और नगदी सहित कुल ₹2,14,000 का सामान बर आमद कर आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 की रात ढोलपारा निवासी बलराम बरगाह के घर से सोने-चांदी के जेवर और करीब 10-12 साड़ियां चोरी हुई थीं। चोरी गए सामान की कीमत लगभग ₹1.60 लाख बताई गई।
इसी रात सदगुरु कबीर आश्रम के एक कमरे का ताला तोड़कर करीब 500 ग्राम वजन का चांदी का छत्र, जिसकी कीमत लगभग ₹80,000 बताई गई, चोरी कर लिया गया था।

दोनों मामलों की जांच के लिए थाना प्रभारी रतनपुर ने पुलिस टीम गठित की और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध सोने-चांदी के सामान को कम कीमत पर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान बर आमद कर रामकुमार केंवट (35) और जोतराम केंवट (28) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

