

MD-Junaid Khan
बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के कसडोल एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंतरजिला वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्यवाही करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से बलौदाबाजार, रायपुर, महासमुंद और जांजगीर-चांपा जिलों से चोरी की गई कुल 6 दुपहिया वाहन, जिनकी कुल कीमत करीब ₹1.80 लाख बताई गई है, बर आमद कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार ग्राम अर्जुनी निवासी चैतुसिंग पैकरा ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत कसडोल थाने में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ चांटी (30) वारदात के बाद हैदराबाद (Hyderabad) में छिपा हुआ था। साइबर सेल की तकनीकी टीम की मदद से उसे हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया। उसके साथी यश कुमार साहू (21) को भी गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों से अर्जुनी के अलावा भाटागांव बस स्टैंड (रायपुर), महासमुंद बस स्टैंड, धरसीवां, गिधोरी बस स्टैंड और मेंऊ भांटा (पामगढ़) से चोरी की गई मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी मिलने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस ने बताया कि चोरी की गाड़ियों को छिपाने और बेचने में यश साहू की संलिप्तता पाई गई है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध BNS की धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।

