
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने बिलासपुर पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सघन अभियान तेज कर दिया है। 1 से 15 सितंबर 2026 तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग, निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए पुलिस ने कुल 813 कार्यवाही की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों की आड़ में हथियार लेकर घूमने, चाकूबाजी, नशे, स्टंटबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वालों पर विशेष नजर रहेगी,अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 73 कार्यवाही की गईं,वहीं धारा 170 BNSS के तहत 131 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।

संभावित रूप से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ धारा 126 और 135(3) BNSS के तहत 302 कार्यवाही की गई हैं। पुलिस ने न्यायालय में लंबित मामलों के वारंटों की तामिली पर भी विशेष जोर दिया,अभियान के दौरान 83 स्थाई वारंट और 109 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए,इसके अलावा पुलिस की निगरानी सूची में शामिल 73 गुंडा-बदमाशों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्यवाही की गई।

ताकि त्योहारों के दौरान उनकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके,अभियान में यातायात और नशे से जुड़े मामलों पर भी कार्यवाही की गई,स्टंटबाजी के 4 मामले, शराब के नशे में वाहन चलाने पर धारा 185 एमवी एक्ट के तहत 30 कार्यवाही आबकारी एक्ट के 7 मामले और एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 कार्यवाही की गई।

आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग और पेट्रोलिंग बढ़ाने की तैयारी की है। धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी, अपराधियों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस ने कहा है कि त्योहारों के दौरान हथियारों का प्रदर्शन, चाकूबाजी, नशे का कारोबार, स्टंटबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

