
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संबलपुर में नशे में धूत आरोपी ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, घायल युवक को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार ग्राम संबलपुर निवासी आकाश सूर्यवंशी, पिता अंशु सूर्यवंशी, उम्र करीब 22 वर्ष गांव के युवकों के साथ डीजे की धुन पर भगवान गणेश की प्रतिमा लेकर गांव पहुंचा था। प्रतिमा को पंडाल में स्थापित किया जा रहा था। इसी दौरान उसकी गांव के ही अमन सूर्यवंशी, पिता प्रहलाद सूर्यवंशी, उम्र 22 वर्ष से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया गया है कि अमन आदतन नशे का आदी है और घटना के समय भी नशे में था। विवाद के दौरान आकाश ने उसे गाली दी। इसके बाद अमन भड़क गया। अगले ही पल उसने जेब से चाकू निकाला और आकाश पर हमला कर दिया।

पंडाल के भीतर ही चाकू के लगातार वार से आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर से खून बहने लगा और वह वहीं गिर पड़ा। उत्सव के माहौल में अचानक हुई चाकूबाजी से मौके पर सनसनी फैल गई। पंडाल में मौजूद युवकों ने घटना की जानकारी आकाश के परिजनों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो आकाश खून से लथपथ पड़ा था। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसका परीक्षण किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस सक्रिय हुई। टीआई उमेश साहू, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, मनोज बघेल, सज्जू अली सहित पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंडाल में मौजूद युवकों से घटना के संबंध में पूछताछ की और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की गई। पतासाजी के दौरान पुलिस ने अमन सूर्यवंशी को सकरी क्षेत्र में घूमते हुए पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 849/2026 धारा 103(1)BNS के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अमन सूर्यवंशी को परिजन पहले भी नशे की लत छुड़ाने के लिए नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं। वह कुछ समय पहले ही वहां से वापस आया था। लेकिन घटना के दिन वह फिर नशे में था। पंडाल में विवाद और गाली-गलौज के बाद स्थिति अचानक बिगड़ी और चाकू निकल आया। पुलिस के अनुसार इसी विवाद में आकाश पर धारदार चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
(सीएसपी सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार – ने बताया वारदात के वक्त आरोपी नशे में था।
सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि आरोपी आदतन नशेड़ी है और वारदात के समय भी नशे में था। वह कुछ समय पहले ही नशामुक्ति केंद्र से वापस आया था। परिजन पहले भी उसे नशा छुड़ाने के लिए नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं और इलाज कराने की कोशिश करते रहे हैं।

