
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के मोपका चौकी थाना सरकंडा क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत करीब ₹85 हजार के सामान की चोरी करने के वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से ₹1,000 नकद बर आमद कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार 10 जून 2026 की दरम्यानी रात रामकृष्ण नगर, मोपका निवासी रिंकी सेन के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे आरोपियों ने सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत करीब ₹85,000 का सामान पार कर दिया था। शिकायत पर चौकी मोपका, थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 878/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी मोहित ध्रुव (20 वर्ष), निवासी भाटापारा मोपका के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात में शामिल होना कबूल किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मुख्य आरोपी ने उसे चोरी के दौरान मकान के बाहर खड़े रहकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखने का काम सौंपा था। इसके बदले उसे ₹15,000 दिए गए थे। आरोपी ने इनमें से ₹14,000 खर्च करना बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से ₹1,000 नकद बर आमद कर आरोपी के विरुद्ध धारा: 331(3), 305(a) BNS के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।
प्रकरण का मुख्य आरोपी अभी फरार है और चोरी किए गए जेवर एवं अन्य सामान की बरामदगी बाकी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ चोरी के पूरे मसरूका की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी: मोहित ध्रुव, उम्र 20 वर्ष
बरामदगी: ₹1,000 नकद
कुल चोरी: लगभग ₹85,000
मुख्य आरोपी: फरार, तलाश जारी

