CG CRIME

बिलासपुर | जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आम जनता की समस्याएं | अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

मो जावेद खान –

बिलासपुर। जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सोमवार को जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान निजी और सामुदायिक मुद्दों से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी भी मौजूद रहे और नागरिकों की शिकायतें सुनीं।

प्रमुख शिकायतें

10 माह से नहीं मिला मानदेय -ग्राम पंचायत दर्राभांठा की पंच हीराबाई ने बताया कि उन्हें पिछले 10 महीनों से मानदेय नहीं मिला, जबकि अन्य पंचों को भुगतान हो चुका है। कलेक्टर ने मामले की जांच के निर्देश दिए।

शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत– तखतपुर के ग्राम परसाकापा के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण और सार्वजनिक हैंडपंप के पास सेप्टिक टैंक बनाए जाने की शिकायत करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

बैंक ऋण स्वीकृति का मामला – रतनपुर निवासी अनिकेत कुमार बारे ने भारतीय स्टेट बैंक शाखा द्वारा लंबे समय से ऋण स्वीकृत नहीं किए जाने की शिकायत करते हुए जांच और ऋण स्वीकृति की मांग की।

कोयले की राख से फसल बर्बाद- बेलमुण्डी निवासी मेघनाथ सूर्यवंशी ने शिकायत की कि कोयले की राख उनके खेत में बहकर आने से फसल नष्ट हो गई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जोड़ने की मांग- ग्राम लोहर्सी निवासी उषा दुबे ने पात्र होने के बावजूद प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची में नाम नहीं जोड़े जाने की शिकायत दर्ज कराई।

भूमि रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की शिकायत– ग्राम धूमा निवासी कमल प्रसाद मिश्रा ने भूमि रिकॉर्ड में कथित अनियमित संशोधन और बंटाकन नंबर हटाए जाने की शिकायत करते हुए रिकॉर्ड सुधार की मांग की।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top