
MD-JUNAID KHAN
बलौदाबाजार। जिले के प्रसिद्ध महामाया मंदिर में स्थापित देवी प्रतिमा से सोने के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 6 सोने के लॉकेट/पत्ती और घटना में प्रयुक्त एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बर आमद कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार रोहित कुमार साहू ने 26 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जुलाई की सुबह 9:30 से 10:30 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने महामाया मंदिर में स्थापित मूर्ति से 5 पत्ती वाला मंगलसूत्र और 1 पत्ती वाला सोने का लॉकेट चोरी कर लिया। मामले में अपराध क्रमांक 626/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) एवं 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में पुलिस टीम ने मंदिर परिसर के CCTV फुटेज का गहन विश्लेषण किया, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान अमन कुमार यादव (22 वर्ष) निवासी ग्राम सिंधोरा, थाना पलारी के रूप में हुई। पुलिस आरोपी के घर पहुंची तो पता चला कि वह ग्राम गबौद में रिश्तेदारी में छिपा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपी की निशानदेही पर 6 सोने के लॉकेट/पत्ती और घटना के समय उपयोग किया गया मोबाइल फोन बर आमद कर आरोपी के विरुद्ध धारा 331(3) एवं 305 बीएनएस के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।

