
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर राहगीर से चाकू की नोक पर लूट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और लूटी गई नगदी बरआमद कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार देवेन्द्र गुप्ता (23 वर्ष) निवासी एनटीपीसी सीपत 26 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे रैपिडो से ग्राहक को टिकरापारा छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान राहुल गोस्वामी ने उनका रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनकी जेब से नगदी व आधार कार्ड लूटकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 445/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 296, 351(3), 119(1), 309(4) एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी राहुल गोस्वामी (24 वर्ष) निवासी टिकरापारा को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू और लूटी गई ₹500 की नगदी बरआमद कर आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।

