
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया की, युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार सिरगिट्टी के मैट्रिक्स चौक में रविवार देर शाम पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। जहां सिरगिट्टी निवासी ओम दिवाकर और सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार शाम ओम दिवाकर अपने साथियों के साथ मैट्रिक्स चौक के पास खड़ा था। इसी दौरान सुनील उर्फ कल्लू टाइगर भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक युवक ने धारदार चाकू से ओम दिवाकर पर हमला कर दिया। चाकू लगने से ओम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

वारदात के बाद आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास पूछताछ और कार्यवाही के बाद मुख्य आरोपी सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर को गिरफ्तार किया। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जारी है। फोरेंसिक टीम की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा गया। पुलिस के मुताबिक मृतक ओम दिवाकर और आरोपी सुनील निर्मलकर दोनों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। दोनों मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं। कुछ समय पहले तत्कालीन सिरगिट्टी थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी ने दोनों को हथियार के साथ पकड़ा था और आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही कर जेल भेजा था।

जमानत पर बाहर आने के बाद एक बार फिर दोनों के बीच विवाद ने खूनी रूप ले लिया ।फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खूनी वारदात में और कौन-कौन शामिल था और हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की पूरी वजह क्या थी।

