

MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के चकरभाठा पुलिस द्वारा मोबाइल चोरी कर उसके स्क्रीन लॉक को खोलने और आधार की जानकारी के जरिए फोन-पे, पेटीएम आदि UPI एप को रीसेट कर बैंक खातों से रकम निकालने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने प्रकरण में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल, पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े और चोरी की रकम में से 15 हजार रुपए नगद समेत कुल करीब 75 हजार रुपए का मशरूका बर आमद किया है। जानकारी के अनुसार प्रार्थी सूरज सतनामी ने 25 सितंबर 2026 को चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 सितंबर की रात करीब 11 बजे तेज बारिश के कारण वह इंडियन कॉफी हाउस चकरभाठा के पास रुका था। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर गया। होश आने पर उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती पाया गया, जबकि उसका दोस्त वहां मौजूद नहीं था और उसका मोबाइल भी गायब था।
मोबाइल प्रार्थी और उसकी मां के बैंक खातों से लिंक था। तबीयत खराब होने के कारण वह तत्काल मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर सका। करीब 2-3 दिन बाद दूसरा सिम लेकर मोबाइल में डालने पर उसे UPI ट्रांजेक्शन के मैसेज मिले। जांच करने पर पता चला कि उसके और उसकी मां के बैंक खातों से कुल 2 लाख 84 हजार रुपए निकाल लिए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। गवाहों के बयान, बैंक संबंधी जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने संगठित तरीके से वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपियों ने कथित तौर पर मदद करने के बहाने प्रार्थी और उसके दोस्त के मोबाइल चोरी किए। इसके बाद मोबाइल का स्क्रीन लॉक खोलकर गैलरी में रखी आधार कार्ड की फोटो से आधार नंबर की जानकारी हासिल की। इसी जानकारी का इस्तेमाल कर फोन-पे, पेटीएम आदि UPI सेवाओं को आधार के माध्यम से रीसेट किया गया और बैंक खातों से रकम निकाली गई। निकाली गई रकम को आरोपियों ने आपस में जुड़े खातों में ट्रांसफर किया। इसके अलावा ऑनलाइन गेमिंग आईडी ‘क्रीकबेट’ में रकम डालने के साथ खाने-पीने और कार से घूमने में भी पैसे खर्च किए। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल, पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपए नगद बर आमद जब्त सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध चकरभाठा थाने में अपराध क्रमांक 564/2026 के तहत BNS की धारा 303(2), 318(4), 238, 112, 3(5) तथा IT Act की धारा 66(C), 66(D) के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।
नाम गिरफ्तार आरोपी–
(1)- विवेक वर्मा (20), पिता मनोज वर्मा, निवासी वार्ड नंबर 09, वर्मा मोहल्ला, चकरभाठा।
(2)- करन नायक (18 वर्ष 9 माह 24 दिन), पिता बलराम नायक, निवासी विकास नगर, वार्ड नंबर 11, चकरभाठा।
(3)- गौरी शंकर साहू उर्फ लालू (18 वर्ष 8 माह 5 दिन), पिता शिव मंगल साहू, निवासी विकास नगर, वार्ड नंबर 12, चकरभाठा।
(4)- गगन उर्फ शिबू साहू (25), पिता स्व. राजकुमार साहू, निवासी वार्ड नंबर 11, चकरभाठा।

