


MD-Junaid Khan
बिलासपुर। शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता पर हमला मारपीट के प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को तारबाहर पुलिस एवं एसीसीयू की टीम ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार घटना 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे की है। शिकायतकर्ता शिशिर कश्यप के अनुसार, उनके पिता मॉर्निंग वॉक के दौरान रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे थे, तभी तीन नकाबपोश व्यक्ति डंडे और नुकीली वस्तु लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ मारपीट की। मामले में थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान की गई और संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। मामले में पूर्व में नितिन टेकाम, एक विधि से संघर्षरत बालक, आंचल साहिल और नवीन पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

वहीं फरार आरोपी दीपक तिवारी (29 वर्ष), निवासी पटेराटोला, गौरेला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर निगरानी कर रही थी। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से आरोपी नेपाल चला गया था और कई दिनों से फरार था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।

