

MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम दर्राभाठा में दिनदहाड़े हुई चोरी का 24 घंटों के अंदर एक युवक और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी गए शत-प्रतिशत सोने-चांदी के जेवर बर आमद कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार 24 अगस्त 2026 को ग्राम दर्राभाठा निवासी सनत कुमार रात्रे काम के लिए एनटीपीसी सीपत गए थे। उनकी पत्नी भी सुबह करीब 8:30 बजे घर में बाहर से ताला लगाकर खेत चली गई थीं। करीब 11:45 बजे वापस लौटने पर घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर आलमारी खुली थी और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा 10 हजार रुपये नकद गायब थे।

शिकायत पर सीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को दिनेश सोनवानी (31), निवासी दर्राभाठा के घटना के समय घर के आसपास देखे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की, जिसमें उसके खिलाफ पहले भी चोरी का मामला सामने आया। पूछताछ में दिनेश ने चोरी की घटना को अंजाम देना कबूल किया। आरोपी ने बताया कि चोरी के आभूषण उसने पकड़े जाने के डर से अपनी सहयोगी सनिता कौसले (37), निवासी बिलासपुर के पास छिपा दिए थे।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए 7.66 ग्राम सोने के जेवर और 361 ग्राम चांदी के जेवर शत-प्रतिशत बर आमद कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

