

MD-Junaid Khan
बिलासपुर। न्यायधानी । स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुलिस परेड ग्राउंड में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही शान और शौकत के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। परेड कमांडर भूपेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में पूर्ण वेशभूषा में सजे 13 प्लाटूनों ने अनुशासन, शौर्य और देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य परेड का प्रदर्शन किया। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सरकार द्वारा प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया।

समारोह के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को तिरंगा शपथ दिलाई। वहीं ब्रह्मकुमारी दीदी ने नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प कराया। नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने सम्मानित किया। इस दौरान समारोह स्थल पर भावुक और गौरवपूर्ण माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने वीर जवानों के बलिदान को नमन किया।


शासकीय कार्यों और दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले विभिन्न विभागों के 50 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। परेड प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल महिला ने प्रथम और नगर सेना महिला ने द्वितीय स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में एनसीसी जूनियर डिवीजन बिलासपुर प्रथम, एनसीसी सीनियर गर्ल्स द्वितीय और एनसीसी सीनियर बॉयज तृतीय रहे।


विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसमें महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला ने प्रथम, एलसीआईटी बोदरी ने द्वितीय और दिल्ली पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नेशनल कॉन्वेंट स्कूल और पद्माक्षी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, सीसीएफ मनोज पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

