
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में हुई लूट की वारदात का मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने खुलासा करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में (1) अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, (2)- पिंटू निषाद और (3)- सुशील निर्मलकर सामिल है। आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व स्कूटी, लूटे गए दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू सहित अन्य औजार बर आमद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार आरोपियों पर कर्ज था और उससे छुटकारा पाने तथा रकम हासिल करने के उद्देश्य से उन्होंने शराब दुकान में रखी नकदी लूटने की योजना बनाई थी। इसके लिए गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू सहित अन्य सामान जुटाया गया था।

आरोपी पहले मोपका स्थित शराब भट्ठी पहुंचे, लेकिन वहां अधिक चहल-पहल होने के कारण वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद चिल्हाटी- फरहदा होते हुए गतौरा शराब दुकान पहुंचे। यहां नकाबपोश आरोपियों ने सुरक्षा कर्मियों को चाकू दिखाकर धमकाया और उनके हाथ-पैर बांध दिए। इस दौरान एक सुरक्षाकर्मी के सिर, माथे और हाथ पर धारदार हथियार से चोट पहुंचाई गई। आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ग्राइंडर कटर मशीन व छेनी से लॉकर काटने का प्रयास किया, लेकिन वे लॉकर तोड़ने में सफल नहीं हुए। इसके बाद आरोपियों ने दुकान से शराब की कुछ बोतलें, सुरक्षाकर्मियों के दो मोबाइल फोन तथा CCTV कैमरा और DVR लेकर फरार हो गए।साक्ष्य मिटाने DVR नदी में फेंका घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस को CCTV फुटेज से कोई सुराग नहीं मिले, इस उद्देश्य से DVR को नदी में फेंक दिया।

पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के CCTV फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ एवं निशानदेही के आधार पर वारदात में इस्तेमाल वाहन, गैस कटर, ग्राइंडर मशीन, चाकू, छेनी, दो मोबाइल फोन और अन्य सामान जप्त किया गया है।

मामले में एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी पूर्व में CMS Info System कंपनी में कार्यरत था और शासकीय मदिरा दुकानों से नकद राशि कलेक्शन का कार्य करता था। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
उपरोक्त कार्यवाही में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं SDOP मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम द्वारा की गई है यह कार्यवाही। मामले में विवेचना जारी है।

