
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार 8 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 6:30 बजे ग्राम खैरा की एक नाबालिग बालिका घर के पीछे नीलगिरी प्लॉट में दिशा मैदान के लिए गई थी। वापस लौटते समय एक अज्ञात युवक ने पीछे से आकर उसका मुंह दबाया और बुरी नीयत से जमीन पर पटक दिया। बालिका द्वारा शोर मचाने और घरवालों को आवाज देने पर आरोपी अपने पिकअप वाहन से मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर रतनपुर थाना में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिरों की मदद से आरोपी के वाहन नंबर की पहचान की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान विजय कुमार साहू (26 वर्ष), निवासी सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। पुलिस टीम ने सिरगिट्टी स्थित उसके घर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, उपनिरीक्षक पवन सिंह, आरक्षक बिजेंद्र रात्रे एवं धीरज कश्यप का अहम किरदार रहा।

