
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के मस्तूरी पुलिस द्वारा चर्चित कोयला हेराफेरी और मिलावट के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद जप्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड के प्रतिनिधि कप्तान सत्यनारायण ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने एसीसीएल गेवरा माइंस, कोरबा से 30 हजार टन जी-11 ग्रेड कोयले का ऑर्डर दिया था। यह कोयला एसएम एंटरप्राइजेस के माध्यम से ट्रेलरों से प्लांट पहुंचाया जा रहा था। 17 जून 2026 की रात से सुबह के बीच जब प्लांट में पहुंचे कुछ ट्रेलरों की जांच की गई, तो उनमें उच्च गुणवत्ता वाले जी-11 कोयले की जगह घटिया और मिलावटी कोयला पाया गया। पूछताछ के दौरान ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गए, जिसके बाद मस्तुरी थाना में अपराध दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि ट्रेलरों में लोड किया गया जी-11 कोयला रास्ते में बेलतरा टोल प्लाजा स्थित एक कोल डिपो में उतार दिया जाता था। वहां उसकी जगह गिट्टी मिश्रित निम्न गुणवत्ता का कोयला भरकर राशि स्टील प्लांट भेजा जाता था। इसके बदले मिले पैसों का बंटवारा ट्रेलर मालिकों, चालकों और अन्य आरोपियों के बीच किया जाता था। प्रकरण में पहले ही आकाश सिंघल, सुमित यादव, सूरज सिंह और जयकांत यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। साथ ही तीन ट्रेलर, एक रोलर मशीन और करीब 30 टन कोयला भी जप्त किया गया था।
मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों वैभव सोनी उर्फ चुकलू और निखिल साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कोयले की हेराफेरी और मिलावट में शामिल होना कबूल किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 28 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर 29 जून 2026 को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
जप्त मशरूका – 2 मोबाइल फोन- ₹1,000 नगद

गिरफ्तार आरोपी
(1)- वैभव सोनी उर्फ चुकलू (30 वर्ष)
निवासी – भेंसर, जयरामनगर, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर
(2)- निखिल साहू (33 वर्ष)
निवासी – गोल्डन पार्क, बोदरी, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर

