
MD Junaid Khan
रायगढ़। जिले के थाना कापू पुलिस द्वारा ग्राम कुम्हीचुआ में मिले युवक के शव के मामले में गंभीर जांच करते हुए अंधे हत्याकांड का पर्दाफाश किया गया है। दिनांक 27.04.2026 को देवव्रत तुरी (30 वर्ष) निवासी ग्राम कुम्हीचुआ का शव उसके निर्माणाधीन मकान के पीछे बाड़ी में संदिग्ध परिस्थिति में मिलने की सूचना पर थाना कापू में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मौत दम घुटने और गले की हड्डी टूटने से होना पाए जाने पर हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

संदेह के आधार पर करमसाय नगेसिया पिता पतिराम नगेसिया उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम कुम्हीचुआ को थाना लाकर गहन पूछताछ की गई। शुरू में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

