

MD-Junaid Khan
रायपुर। राजधानी के टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत लक्ष्मी नगर स्थित अपने ही सगे जीजा के सूने मकान पर चोरी की घटना को अंजाम देने वाला आरोपी साले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ऑनलाईन जुआ खेलने की लत एवं कर्ज चुकाने के लिये चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 25 तोला सोने के जेवरात कीमती लगभग 37 लाख रूपये बर आमद कर लिया है। जानकारी के अनुसार प्रार्थी अनिल शर्मा निवासी लक्ष्मी नगर टिकरापारा रायपुर ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ के पद पर कोंडागांव में पदस्थ है तथा अपने परिवार के साथ वहीं निवास करता है। रायपुर स्थित उसके मकान के तीसरे तल पर वह स्वयं रहता है, जबकि प्रथम एवं द्वितीय तल पर उसके माता-पिता एवं बड़े भाई का परिवार निवास करता है।
दिनांक 28.10.2026 को दोपहर में मकान की साफ-सफाई करने वाली महिला साफ-सफाई के बाद ताला लगाकर चाबी उसकी मां सुमित्रा शर्मा को सौंपकर गई थी। दिनांक 30.10.2026 को सुबह उसकी मां ने फोन कर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला कटा होने एवं चोरी होने की सूचना दी।

प्रार्थी द्वारा रायपुर पहुंचकर देखने पर मुख्य दरवाजे का ताला कटा हुआ तथा कमरे में रखी आलमारी एवं लॉकर टूटे हुए मिले। आलमारी में रखे सोने, चांदी एवं हीरे के आभूषण तथा नगदी रकम नहीं थे। कोई अज्ञात प्रार्थी के मकान के मुख्य दरवाजे का ताला काटकर अंदर प्रवेश कर आलमारी में रखें उक्त मशरूका को चोरी कर ले गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 1004/26 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) श्री रॉबिन्सन गुरिया द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को अज्ञात आरोपी की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर प्रार्थी एवं उसके परिजनों से विस्तृत पूछताछ की गई। साथ ही, घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहनता से अवलोकन कर संदिग्ध व्यक्तियों की पतासाजी प्रारंभ की गई। चूंकि घटना से पूर्व प्रार्थी के मकान की साफ-सफाई घर में काम करने वाली महिला द्वारा की गई थी, इसलिए उससे भी पृथक से विस्तृत पूछताछ कर उसकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही थी।

इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति प्रार्थी के मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करते हुए तथा सीढ़ियों के रास्ते ऊपर जाते हुए दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर उक्त व्यक्ति की पहचान प्रार्थी के साले एवं प्रिंस कॉलोनी टिकरापारा रायपुर निवासी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में हुई। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर प्रारंभ में वह बार-बार अपना बयान बदल कर तथा अपराध में संलिप्तता से इनकार कर पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, किन्तु उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लगातार पूछताछ करने पर उसने चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना कबूल किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ऑनलाईन जुआ खेलने की आदत है तथा उसके ऊपर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने जीजा के घर चोरी करने की योजना बनाई। कुछ दिन पूर्व वह अपनी बहन (प्रार्थी की पत्नी) के साथ प्रार्थी के घर में दो दिन तक रुका था। इस दौरान उसे घर की आलमारी में सोने-चांदी एवं हीरे के आभूषण तथा नकदी रकम रखे होने की जानकारी हो गई थी। उसे यह भी पता था कि उसकी बहन कोंडागांव चली गई है। आरोपी घटना दिनांक को प्रार्थी के मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया तथा सीढ़ियों के रास्ते तीसरे तल पर पहुंचा। इसके बाद अपने पास रखी छोटे ग्राइंडर मशीन की सहायता से दरवाजे की कुंडी एवं ताला तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश किया तथा आलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने, चांदी एवं हीरे के आभूषण तथा नकदी रकम चोरी कर ली। चोरी की घटना को लेकर भ्रमित करने के उद्देश्य से आरोपी ने कुछ आभूषण वहीं छोड़ दिए तथा कपड़ों को व्यवस्थित कर आलमारी में रख दिया, ताकि चोरी की घटना का संदेह हो। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी को गिरफ्तार कर कब्जे से चोरी की 25 तोला सोने के जेवरात कीमती लगभग 37 लाख रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 1004/26 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी – प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय पिता देवेन्द्र पाण्डेय उम्र 31 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 13, पंजाबीपारा थाना कोतवाली जिला महासमुंद। हाल पता – प्रिंस कालोनी लक्ष्मी नगर टिकरापारा थाना टिकरापारा रायपुर।

