CG CRIME

बलौदाबाजार : जमीन बंटवारे को लेकर विवाद,बेटे ने की मां की हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार,

MD-Junaid Khan

बलौदाबाजार। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मगरवाय में जमीन बंटवारे के विवाद में बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 21 अप्रैल 2026 की है। ग्राम मगरवाय निवासी बहादुर वर्मा ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी मां बेबी वर्मा और भाई धनेश्वर वर्मा उर्फ धन्नू के बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया। बताया गया है कि विवाद के दौरान आरोपी धनेश्वर वर्मा ने आपा खो दिया और घर में रखी जलाऊ लकड़ी से अपनी मां पर हमला कर दिया। यह हमला इतना गंभीर था कि बेबी वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद थाना में अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर त्वरित कार्यवाही की गई। पुलिस टीम ने जांच शुरू करते हुए आरोपी धनेश्वर वर्मा को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते विवाद बढ़ गया और उसने गुस्से में आकर अपनी मां पर लकड़ी से हमला कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को 22 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है…

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top