
MD-Junaid Khan
मुंगेली। जिले के चिल्फी पुलिस द्वारा जान से मारने की नीयत से घर में रखे डीजल डालकर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में थाना चिल्फी पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना चिल्फी क्षेत्र के ग्राम सेनगुड़ा निवासी सतीश सोनवानी 35 वर्ष ने 16 मार्च 2026 की सुबह करीब 8 बजे अपनी पत्नी पर चरित्र शंका करते हुए उसे जान से मारने की नीयत से घर में रखे डीजल को उसके ऊपर डालकर आग लगा दी। घटना के बाद आरोपी पत्नी को जलती हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच उपरांत 9 अप्रैल 2026 को थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 37/26 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 10 अप्रैल को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर आरोपी के विरुद्ध धारा 109 बीएनएस के तहत कार्यवाही कर 11 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया जहां उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।
उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रघुबीर लाल चंद्रा सहित पुलिस टीम का अहम किरदार रहा।

