
MD-Junaid Khan
रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में में चाकू बाजी करने वाले 02 बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस। रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन, दो मोबाइल फोन और एक चाकू बरआमद किया है। यह कार्यवाही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार घटना 08 अप्रैल 2026 की है, जब प्रार्थिया सिमरन मिस्त्री अपने दोस्त गोविंद रोचलानी के साथ कटोरा तालाब जा रही थीं। इसी दौरान श्याम नगर इंदिरा चौक के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने गलत तरीके से वाहन चलाते हुए गाली-गलौज की।

इसके बाद दोनों पक्ष आगे बढ़ गए, लेकिन श्याम नगर हनुमान मंदिर के पास आरोपियों ने रास्ता रोक लिया और विवाद करने लगे। विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली देने से मना करने पर “जान से मार देंगे” कहते हुए चाकू से गोविंद रोचलानी के पेट में हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
इस मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) और क्राइम एंड साइबर डीसीपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

जांच में आरोपियों की पहचान न्यू राजेन्द्र नगर निवासी अनुज सिंह और नवीन पैकरा के रूप में हुई। दोनों आरोपियों को पुलिस ने पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 126(2), 296 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्यवाही में जुट गई है।

