CG CRIME

युवती से छेड़छाड़, आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार,भेजा गया रिमांड पर जेल

MD-Junaid Khan

रायगढ़ । महिला थाना रायगढ़ द्वारा युवती से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती, जो रायगढ़ में किराए के मकान में रहकर सेल्स गर्ल का कार्य करती है, ने दिनांक 29.03.2026 को महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 26 फरवरी 2026 की रात ड्यूटी समाप्त कर अपने परिचित के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी। रास्ते में देवांगन धर्मशाला के पास रात लगभग 10 बजे राशन लेने के लिए रुकी, तभी बाटली खान अपने साथी प्रशांत सोनी के साथ वहां आया और युवती को घूरते हुए उसके बाल खींचे तथा बुरी नीयत से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने विवाद करते हुए बहस की। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद युवती अस्वस्थ होने के कारण अपने गांव चली गई थी और 29 मार्च को रायगढ़ लौटने पर रिपोर्ट दर्ज कराई।

महिला थाना में अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 74 भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की गई। डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी प्रशांत सोनी (24 वर्ष), निवासी चांदनी चौक, थाना कोतवाली रायगढ़ को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी बाटली खान के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

उपरोक्त कार्यवाही में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक प्रमिला महंत एवं आरक्षक संदीप भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top