
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र में हुए हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार 29 मार्च 2026 को ग्राम सेलर बरभांठा निवासी शत्रुघ्न धुरी ने पुलिस को सूचना दी कि गांव की पानी टंकी की सीढ़ियों पर राजू धुरी मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, प्रारंभिक जांच में ही हत्या की आशंका सामने आई। जांच में सामने आया कि मृतक राजू धुरी की हत्या गांव के ही निवासी अनिल केंवट (40 वर्ष) ने की है।

आरोपी पानी टंकी के ऊपर रेलिंग के पास सोता था। 28 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे की है, जब आरोपी खाना खाकर सो रहा था। इसी दौरान राजू धुरी वहां पहुंचा और उसे आवाज दी। आरोपी ने उसे वहां से जाने के लिए कहा, लेकिन मृतक वहीं रुक गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने पास में रखे बांस के डंडे से राजू के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरआमद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है ।

