
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र मे शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपनी ही बहन पर हथौड़ा से हमला करने वाले आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 24 मार्च 2026 को देव नगर, कोनी निवासी पीड़िता कु. मिनेश्वरी मनहर घर में अकेली सो रही थी। तभी रात करीब 10 से 11 बजे के बीच उसका भाई मानेश्वर मनहर (33 वर्ष) शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। नशे में चूर आरोपी ने पहले गाली-गलौज शुरू की, फिर बहन के बाल पकड़कर उसे घसीटते हुए घर के बाहर ले गया।

इसके बाद उसने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। बहन के इनकार करते ही आरोपी का गुस्सा हैवानियत में बदल गया। आरोपी ने पास में रखे हथौड़े को उठाया और बहन के सिर, हाथ और पीठ पर लगातार वार करना शुरू कर दिया। हमले की बर्बरता इतनी ज्यादा थी कि पीड़िता मौके पर ही बेहोश हो गई। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी वारदात को अंजाम देकर भाग गया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 116/2026 धारा 296, 115(2), 119(1), 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) की के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में कोनी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर आरोपी से घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा जप्त कर,

आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 119(1), 351(3) के तहत गिरफ्तार कर न्यायलय में पेश किया जहां उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

