
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “प्रहार” के तहत न्यायधानी पुलिस द्वारा अवैध सट्टा कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही करते हुए दो शातिर सट्टा खाईवाल को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी में राजा बजाज और विकास खत्री दोनों आरोपियों को रायपुर से एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की टीम ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी काफी समय से बड़े स्तर पर सट्टा संचालन कर रहे थे और उनका नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ था। एसीसीयू की टीम को लगातार इनकी गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर रायपुर में दबिश दी गई। कार्यवाही इतनी सटीक थी कि आरोपियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये नगद, 3 लग्जरी कारें, 3 बाइक और 4 आईफोन जप्त किए हैं। जप्त किए गए मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में सट्टा कारोबार से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

इस पूरे नेटवर्क की कड़ी 21 दिसंबर 2025 को पकड़े गए आरोपी मनोज पोपटानी से जुड़ती है। पूछताछ में उसने खुलासा किया था कि वह अपने साथियों राजेश बजाज और प्रदीप खत्री के साथ मिलकर बिलासपुर, रायपुर और अन्य महानगरों से ऑनलाइन सट्टा संचालित करता था। आरोपियों द्वारा आम लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल किए जाते थे, जिनका इस्तेमाल रकम के ट्रांजेक्शन और निकासी में किया जाता था।

दोनों आरोपियों के खिलाफ बिलासपुर के सिविल लाइन थाना में पहले से ही एफआईआर दर्ज थी। पुलिस को इनकी लंबे समय से तलाश थी। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि सट्टा सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और पैसों के लेन-देन की जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्यवाही सट्टा कारोबार पर बड़ी चोट है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी सख्त कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, इस पूरे मामले में मनी ट्रेल और अन्य राज्यों से कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।

जप्त मशरूका
(1)-HP Pavilion लैपटॉप
(2)-Samsung S25 Ultra मोबाइल
(3)-iPhone 16 Pro, iPhone 17 Pro
05 बैंक पासबुक, 05 चेकबुक
(4)-Honda City कार (CG 10 AL 6300)
(5)- Maruti Brezza (CG 10 BS 2111)
(6)- Maruti Swift Dzire (CG 10 AQ 3352)
(7)- Honda Activa (व्हाइट)
₹6,90,000 नगद राशि 02 रजिस्टर, जिनमें लाखों रुपये के सट्टे का हिसाब कुल अनुमानित जप्ती: लगभग ₹45 लाख
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी
(1)- राजेश उर्फ राजा बजाज
पिता – किशन चन्द्र बजाज, उम्र 34 वर्ष
निवासी – ए-59, गार्डन सिटी, मोपका, थाना सरकण्डा, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
(2)- प्रदीप खत्री
पिता – रामचंद खत्री, उम्र 34 वर्ष
निवासी – आदित्यनाथ परिसर, मंगला, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर (छ.ग.)

