
MD-Junaid Khan
मुंगेली। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार छापेमार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में लोरमी क्षेत्र में आबकारी टीम ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्यवाही करते हुए बड़ी मात्रा में महुआ लाहन और कच्ची शराब जब्त की है। जानकारी के अनुसार चिल्फी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम साल्हेघोरी में सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में लीला बाई भास्कर के कब्जे से लगभग 75 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(च) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्यवाही में चौकी डिंडोरी थाना क्षेत्र के ग्राम झलरी निवासी छेदी सिंह साकत के पास से 10 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब तथा 75 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। इस प्रकरण में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(1)(च), 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
उपरोक्त कार्यवाही में आबकारी विभाग के लोरमी प्रभारी अमित शाह, मुंगेली प्रभारी जय सिंह मरकाम, पथरिया प्रभारी उम्मी रूमा सहित अन्य स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।

