
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र नेहरू नगर में रविवार दोपहर को एक घटना घटी जिसमे आरोपी पति द्वारा मामूली घरेलू विवाद पर अपनी पत्नी की पिट पिट कर हत्या कर फरार हो गया। सिविल लाइन पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी गई है। जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित MIG-33 में युवराज यादव (43 वर्ष) निवासी मोहन भाटा कोटा बिलासपुर द्वारा मामूली घरेलू विवाद पर अपनी पत्नी पुष्पलता यादव (37 वर्ष) की पिट पिट कर हत्या कर फरार हो गया।

युवराज एवं उसकी पत्नी पिछले कुछ समय से नेहरू नगर में किराए के मकान में रह रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद की स्थिति रहती थी, मृतका की पहचान पुष्पलता यादव (37 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ देर पहले मकान मालकिन किराएदारों को घर खाली करने की बात कहने उनके घर पहुंची थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि उस समय आरोपी पति नशे की हालत में था। मकान खाली करने की बात को लेकर वह अपनी पत्नी से गाली-गलौज करने लगा और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट करते हुए वह पत्नी को घर के अंदर बाथरूम के पास ले गया और गुस्से में उसका सिर दीवार पर पटक दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने के कारण पुष्पलता यादव लहूलुहान होकर गिर पड़ी। गंभीर चोटों की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी पति की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कह रही है।

