Md-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार और हथियारों की तस्करी के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए, सिविल लाइन पुलिस द्वारा अंतर्राज्य गिरोह के दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की जा रही कार्यवाही में,जिले में बढ़ते नशे और अवैध हथियारों की सप्लाई पर अंकुश लगाने मिनीबस्ती में रेड कार्यवाही की गई, जहां युवक के कब्जे से नशीली टैबलेट और हथियार बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मिनीबस्ती जरहाभाठा क्षेत्र में एक युवक अवैध नशीली टेबलेट और हथियारों की खरीद–फरोख्त में संलिप्त है। सूचना के आधार पर थाना सिविल लाइन, थाना तारबाहर और की संयुक्त विशेष टीम गठित कर इलाके में रेड कार्यवाही की गई।
रेड के दौरान स्वराज कुर्रे (20 वर्ष) निवासी मिनीबस्ती जरहाभाठा को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लगभग 1100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट (नाइट्राजेपाम) एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन, 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी स्वराज कुर्रे ने खुलासा किया कि उसे अवैध हथियारों की सप्लाई भोपाल (मध्यप्रदेश) निवासी धीरेन्द्र सिंह तोमर (37 वर्ष) द्वारा की जाती थी। आरोपी धीरेन्द्र तोमर पूर्व में भी बिलासपुर जिले में अवैध पिस्टल सप्लाई के मामलों में संलिप्त रहा है।
एवं गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। मौके से आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू और एक जुपीटर स्कूटी भी जप्त की गई। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

