CG CRIME

कटघोरा : ठेकेदार अक्षय गर्ग की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने सात घंटों के अंदर 03 आरोपी को किया गिरफ्तार..

Md-Junaid Khan

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कटोरी नगोई में 24 दिसम्बर को ठेकेदारी रंजिश के चलते ठेकेदार अक्षय गर्ग की नृशंस हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर को महज 7 घण्टो में सुलझाते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी जय गर्ग पिता स्वर्गीय प्रदीप गर्ग निवासी कटघोरा वार्ड क्रमांक 3, ने दिनांक 23 दिसंबर  को थाना कटघोरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके बड़े भाई अक्षय गर्ग (उम्र 50 वर्ष), जो ठेकेदारी का कार्य करते थे, अपने वाहन इनोवा (क्रमांक JH 05 DK 2244) से ग्राम कटोरी नगोई स्थित अपने कार्यस्थल पर गए हुए थे। शाम करीब 9:30 बजे अक्षय गर्ग कैंप के पास मजदूरों से कामकाज को लेकर चर्चा कर रहे थे, तभी एक चार पहिया वाहन से तीन अज्ञात व्यक्ति मौके पर पहुंचे और धारदार लोहे की टंगिया व चापड़ से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अक्षय गर्ग के सिर, हाथ और पेट में गंभीर चोटें आईं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। सूचना मिलने पर परिजन तत्काल हरिकृष्ण अस्पताल कटघोरा पहुंचे, जहां उन्हें गंभीर हालत में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कटघोरा में अपराध दर्ज कर मर्ग क्रमांक 162/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच और पूछताछ के बाद तीन आरोपियों मिर्जा मुस्ताक अहमद (27 वर्ष), निवासी ग्राम मलदा, विश्वजीत ओग्रे (21 वर्ष), निवासी सिघिया कोरबी, गुलशन दास (26 वर्ष), निवासी ग्राम मलदा तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी मिर्जा मुस्ताक अहमद ने स्वीकार किया कि मृतक अक्षय गर्ग ठेकेदारी के कार्य में उसके काम को प्रभावित करता था और उसे कहीं भी ठेका नहीं मिलने देता था, साथ ही हाल ही में हुए क्रिकेट प्रतियोगिता में फ्लेक्स में फ़ोटो नही छापने से भी नाराज़ था जो उसे बर्दाश्त नही हुआ। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने रेकी कर अक्षय गर्ग की लोकेशन मोबाइल फोन के माध्यम से साझा की और वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद आरोपी हथियारों को हसदेव नदी की पुलिया के पास फेंककर, घटना के समय पहने कपड़ों को जला कर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया, चापड़, चार पहिया वाहन, मोबाइल फोन और जले हुए कपड़े व मोबाइल की राख बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही की है। यह घटना पूरे कटघोरा क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का कारण बनी हुई है।

मृतक अक्षय गर्ग

इस कार्यवाही में कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर, कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी, एसआई राजेन्द्र प्रताप सिंह के साथ पुलिस की टीम व सायबर सेल तथा फ़ॉरेंसिक टीम का अहम योगदान रहा।

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top