
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के कोटा पुलिस द्वारा क्रेशर मिल से सामान चोरी करने वाले फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार रतनपुर निवासी प्रार्थी राजकुमार गोयल ने 11 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अगस्त की रात बाकीघाट, कोटा स्थित गोयल क्रेशर उद्योग से अज्ञात व्यक्तियों ने क्रेशर मशीन के विभिन्न पुर्जे और अन्य छोटे सामान चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में कोटा थाने में अपराध क्रमांक 649/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने 9 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए संजू शिकारी (20 वर्ष) और झोल्टू उर्फ राहुल शिकारी (23 वर्ष), दोनों निवासी कोटा, को गिरफ्तार किया । प्रकरण में पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। जबकि दो आरोपी फरार थे।
कार्यवाही पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी दिलीप साहू के नेतृत्व में की गई।

