
MD-Junaid Khan
मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बेलखुरी एवं कलार जेवरा तथा सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में हुई चोरी के मामले में पथरिया पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में पूर्व में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से चोरी का चावल, शक्कर, नगदी रकम तथा वारदात में प्रयुक्त सामग्री बर आमद की गई थी। सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया था। विवेचना के दौरान फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में आयुष साहू को बिलासपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की गोडपारा खोवा मंडी के पास अनाज की दुकान है, जहां चावल, गेहूं, शक्कर और दाल की खरीदी-बिक्री की जाती है।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि लगभग दो माह पहले पूर्व गिरफ्तार आरोपी बंटी उर्फ रवि पाहुजा ने उसे कुछ लड़कों द्वारा चावल बिक्री के लिए लाए जाने की बात बताते हुए चावल को उसके गोदाम में रखवाने को कहा था। इसके कुछ दिनों बाद बंटी उर्फ रवि पाहुजा और दो-तीन अन्य व्यक्ति पिकअप वाहन में चावल एवं शक्कर लेकर उसकी दुकान पहुंचे थे। चोरी के चावल एवं शक्कर की बोरियां आरोपी आयुष साहू के गोदाम में रखवाई गई थीं। पुलिस द्वारा पूर्व में उसके गोदाम से उक्त चोरी का माल बरआमद किया जा चुका है। प्रकरण में पूछताछ के आधार पर आयुष साहू को 18 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 208/ 2026, धारा 305(ई), 331(4), 317(2), 3(5) धारा बीएनएस के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की भी लगातार पतासाजी की जा रही है।

नाम आरोपी-आयुष साहू (29 वर्ष), निवासी अशोक विहार फेस-2, बिलासपुर।
उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक पवन देवांगन, थाना प्रभारी पथरिया एवं थाना पथरिया पुलिस टीम का अहम किरदार रहा।

