
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के सरकंडा पुलिस द्वारा काफ़ी तादात में अवैध कफ़ सिरप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बर आमद कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार 7 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की कार क्रमांक CG 04 QD 9753 से प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी मात्रा में ले जाया जा रहा है।सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। कार की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बर आमद हुआ। सिरप का कुल वजन करीब 85.02 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत 1,04,780 रुपये बताई गई है।

आरोपियों से कफ सिरप के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जिस पर पुलिस ने कफ सिरप के साथ एक कार और तीन मोबाइल फोन जप्त कर आरोपी मिथुन बघेल (28), निवासी ग्राम भुंडा, थाना कोटा और अमन कुमार चौबे (26), निवासी गनियारी बाजारपारा, थाना कोटा को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में दो अन्य आरोपी राजा भोई और नीरज पटेल द्वारा कफ सिरप उपलब्ध कराना बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 21, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।

