
MD-Junaid Khan
जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के कोसा गांव में हुए दो महीने पहले हत्या के प्रकरण में कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार 27 जून की रात अमित भंडारी घर से निकला था, जिसके बाद 29 जून की सुबह उसका शव अमहदा तालाब के पास एक निर्जन बाड़ी में मिला था। जांच में सामने आया कि अमित का गांव की ही संतोषी सिंह से पुराना प्रेम प्रसंग था और शादी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी थी। घटना वाली रात भी दोनों करीब डेढ़ बजे तक फोन पर बात करते रहे। पुलिस के मुताबिक रात करीब ढाई बजे अमित, संतोषी से मिलने उसके घर के पीछे पहुंचा।

इसी दौरान संतोषी का भाई बजरंग सिंह वहां पहुंच गया और दोनों के बीच विवाद के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान अमित का सिर दीवार से टकराया और बाद में बजरंग ने छोटे फावड़े से उसके सिर और सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को वहीं झाड़ियों में छिपा दिया गया।

अगले दिन बजरंग ने अपने भाई पप्पू को घटना की जानकारी दी। दोनों ने परिवार के साथ अमित को तलाशने और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने का नाटक किया। इसके बाद 28 जून की रात शव को गांव के बीचो-बीच दूसरी जगह ले जाकर रख दिया गया। पुलिस ने जांच में ट्रैकर डॉग विमला की लीड, संदिग्धों की लोकेशन, मोबाइल डेटा, CCTV और पूछताछ में बदले बयानों को आधार बनाया। ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट समेत फॉरेंसिक तकनीकों के इस्तेमाल के बाद पुलिस ने तीनों से दोबारा पूछताछ की, जिसके बाद हत्या का खुलासा हुआ।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल छोटा फावड़ा और शव को ले जाने में इस्तेमाल की गई लोहे की छोटी सीढ़ी बर आमद कर पप्पू सिंह क्षत्रिय और संतोषी सिंह क्षत्रिय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है। तथा बजरंग को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

