
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए ढाबा संचालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 150 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये है, एवं शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 22 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-12 एजी-2845 से ग्राम रैनपुर-कर्रा स्थित अनमोल ढाबा में बिक्री के लिए अवैध शराब पहुंचाने जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने ढाबे में घेराबंदी कर आरोपी अतुल सोनी (30), निवासी बूढ़ामहादेव रतनपुर, ढाबा संचालक, कुनाल साहू (25), निवासी कसेरपारा रतनपुर, ढाबा कर्मचारी और शिवशंकर गोंड (39), निवासी भेलवाटिकरी, थाना कटघोरा, जिला कोरबा को पकड़ा।
आरोपियों के कब्जे से कुल 150 लीटर कच्ची महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही कर तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

