
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के सरकंडा पुलिस द्वारा नाबालिग लड़की को डरा-धमकाकर 14.50 लाख रुपये एवं सोने के जेवरात ऐंठने वाले 05 और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।अवैध रूप से सोने के जेवर खरीदने वाले दो खरीददारों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण में अब तक एक महिला समेत कुल 09 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार की शिकायत पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1122/2026 दर्ज किया गया था। आरोप है कि जनवरी 2025 से 1 जुलाई 2026 के बीच आरोपियों ने नाबालिग बच्ची को उसके परिजनों की हत्या की धमकी देकर भयभीत किया और उससे नगदी व सोने के जेवर अपने कब्जे में ले लिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव तथा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने पहले चरण में 2 अगस्त को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर लगातार कार्यवाही करते हुए 72 घंटे के भीतर पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रियम शर्मा, आकाश झा, शौर्य करोलिया, राजेश सोनी उर्फ राजू तथा खुशबू बुधिया शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों और खरीददारों के कब्जे से भयादोहन से प्राप्त सोने के जेवर एवं नगदी जप्त कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश जहां उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

