
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। न्यायधानी में चाकूबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आदतन बदमाश प्रियांशु बक्सेल को बिलासपुर पुलिस ने आखिकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब के लिए पैसे मांगने पर मना करने पर एक युवक पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया था। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने विशेष घेराबंदी की, जिसके दौरान भागते समय गिरने से वह घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, 12 मई 2026 को बापू नगर निवासी प्रार्थी अमन चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी प्रियांशु बक्सेल ने शराब पीने के लिए उससे पैसों की मांग की थी। प्रार्थी द्वारा मना करने पर आरोपी ने उन पर किसी नुकीली वस्तु से वार किया और मारपीट कर मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना तारबाहर, सिरगिट्टी और ACCU की एक संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने देर रात आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वह संतुलन खोकर गिर पड़ा, जिससे उसके पैर और घुटने में गंभीर चोटें आईं। चलने में असमर्थ होने के कारण पुलिस ने उसे व्हीलचेयर की मदद से अस्पताल पहुँचाया और मेडिकल मुलाहिजा कराने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

जांच में आरोपी प्रियांशु बक्सेल के विरुद्ध पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। उसने पूर्व में तारबाहर क्षेत्र में शेख समीर नामक युवक पर भी नुकीली वस्तु से हमला किया था। इसके अलावा, उसने सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में अपने जीजा के साथ भी मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। इन सभी मामलों में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 115(2) BNS- 118(1) BNS- 119(1)-BNS 296 BNS एवं 351(3) BNS के तहत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

