
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में युवक को चाकू दिखाकर आईफोन लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल मोबाइल बर आमद कर जेल भेज दिया है। वहीं दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजीव कौशिक ने थाना मस्तूरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 2 सितंबर 2026 को शाम करीब 5.40 बजे वह अपने दोस्त निरंजन कौशिक और राज केंवट के साथ मोटरसाइकिल से गतौरा कोलवाशरी ड्यूटी जा रहा था। तीनों जब कर्रा रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पहुंचे, तभी फरहदा की ओर से स्कूटी में सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्हें रोक लिया।

आरोपियों ने स्कूटी की डिक्की से धारदार चाकू निकाला और चाकू दिखाकर गाली-गलौज करते हुए राज केंवट से उसका आईफोन मोबाइल छीनने का प्रयास किया। युवकों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू से वार किया और राज केंवट का एप्पल कंपनी का आईफोन, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए थी, लूटकर फरार हो गए। मारपीट और चाकू से हमला किए जाने के कारण राजीव कौशिक, निरंजन कौशिक और राज केंवट के गर्दन एवं बाएं भुजा में चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की।

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जिसके परिपालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की।
पुलिस टीम ने क्षेत्र में जगह-जगह लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लगातार पतासाजी के बाद पुलिस एक आरोपी तक पहुंची ।
पुलिस ने संदेह के आधार पर राजकुमार ध्रुव (27), पिता संतोष ध्रुव, निवासी बुटापारा, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी शिवम, पिता कांति, निवासी देवरीडीह, थाना तोरवा के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल कंपनी का आईफोन मोबाइल बर आमद कर थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 609/2026, धारा 309(6) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।

नाम गिरफ्तार आरोपी: राजकुमार ध्रुव, उम्र 27 वर्ष, पिता संतोष ध्रुव, निवासी बुटापारा, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर।
जप्त मशरूका
वारदात में प्रयुक्त 1 धारदार चाकू
लूटा गया एप्पल कंपनी का आईफोन
मोबाइल की अनुमानित कीमत ₹40,000

