
MD-Junaid Khan
बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित व सख्त कार्यवाही हेतु पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय (IPS) द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस को सफलता मिली है। ब्यूटी पार्लर में कोर्स सीख रही 19 वर्षीय युवती के साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने तथा उसका पीछा कर मानसिक रूप से परेशान करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्थित एक ब्यूटी एंड सैलून में पार्लर का कोर्स सीख रही प्रार्थीया (उम्र 19 वर्ष) द्वारा शिकायत दर्ज कराया गया कि आरोपी अय्यूब चौहान अक्सर पार्लर में आता-जाता रहता था। दिनांक 26.06.2026 की रात्रि करीब 10:00 बजे आरोपी ने बुरी नीयत से युवती के साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकत की। इसके पश्चात भी आरोपी प्रार्थीया का लगातार पीछा करते हुए उसे रास्ते में परेशान करता रहा। युवती की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्र. 665/2026 धारा 74,75,78 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में पुलिस टीम द्वारा तत्काल पीड़िता का विस्तृत कथन लेखबद्ध किया गया। सिटी कोतवाली पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को अभिरक्षा में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर उसे दिनांक 06.08.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी का नाम -अय्यूब चौहान पिता याकूब चौहान, उम्र 42 वर्ष, साकिन नेहरू चौक थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार।

