
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सतनाम नगर अमेरी में मामूली विवाद पर एक बुजुर्ग पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रमेश गेंदले (60 वर्ष) शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने नाती के साथ पैदल किराना दुकान जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले का ही रहने वाला सत्यप्रकाश उर्फ गोलू सोनहरे गली में हाथ में चाकू लेकर हंगामा कर रहा था और गाली-गलौज कर रहा था। जब प्रार्थी वहां से गुजरे, तो आरोपी ने उन्हें रोका। प्रार्थी के दुकान जाने की बात कहने पर आरोपी तैश में आ गया और “तुम इधर से नहीं जा सकते” कहते हुए जान से मारने की नियत से प्रार्थी के पेट (बाएं सीने के नीचे) पर धारदार चाकू से वार कर दिया।
हमले के बाद आरोपी ने प्रार्थी को जमीन पर पटक दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिससे प्रार्थी की जान बची। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाईन) श्री निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी सत्यप्रकाश उर्फ गोलू सोनहरे (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 109 बीएनएस के तहत कार्यवाही करते हुए न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।

