Md-Junaid Khan
जांजगीर चांपा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी द्वारा एक युवक पर डीजल डाल कर जान से मारने की नीयत से आग लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 67/2026 धारा 109, 296, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार घटना दिनांक 15.02.2026 को आहत विशू सारथी मेला देखने ग्राम कटौद पहुंचा था। आरोपी मौके पर पहुंचा और आपसी रंजिश को लेकर आहत विशू सारथी से गाली- गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से विशू सारथी के ऊपर डीजल डाल दिया तथा माचिस जलाकर उसे आग के हवाले कर दिया।आग लगते ही विशू सारथी बुरी तरह झुलस गया और दर्द से चिल्लाते हुए अपनी जान बचाने के लिए पास के तालाब में कूद गया।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। घायल विशू सारथी को परिजनों द्वारा तत्काल उपचार हेतु रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नवागढ़ पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा जिसको हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ के दौरान मेमोरेन्डम कथन लिया गया, जो जुर्म स्वीकार किए जाने से आरोपी के विरुद्ध धारा 109, 296, 351(3) बीएनएस के तहत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी -आकाश कुमार कर्ष ( 20 वर्ष ) निवासी ग्राम कटौद थाना नवागढ़ जिला जांजगीर चांपा।
उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक कमलेश सेंडे थाना प्रभारी नवागढ़ एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

