
Md-Junaid Khan
मुंगेली। जिले के लोरमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झझपुरी में जैतस्तंभ जलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 16 और 17 जनवरी की दरम्यानी रात की है, जब ठाकुर देव चौक स्थित जैतखाम को अज्ञात व्यक्ति ने आग के हवाले कर दिया था। इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में मुंगेली पुलिस को जांच के आदेश दिए, जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, फॉरेंसिक टीम से जांच कराई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

मेडिकल दुकान में लगे कैमरे के फुटेज और ग्रामीणों के बयान के आधार पर आरोपी की पहचान राजेश साहू के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने जयंती कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद आक्रोश में आकर जैतस्तंभ को जलाने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से आगजनी में प्रयुक्त मिट्टी तेल, माचिस और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।पुलिस ने आरोपी राजेश साहू के विरुद्ध थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 18/26 धारा 298, 326(जी) बीएनएस के तहत विधिवत गिरफ्तार कर 20 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजादिया है।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा तथा समाज में शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस सराहनीय कार्यवाही में निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव (प्रभारी थाना लोरमी), निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (सायबर सेल), निरीक्षक रघुवीर चन्द्रा, उप निरीक्षक अमित गुप्ता, उप निरीक्षक सुन्दर लाल गोरले, उप निरीक्षक सतेंद्रपुरी गोस्वामी सहित समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

