
Md-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के सरकंडा पुलिस द्वारा क्षेत्र में एक बुजुर्ग चना-मुर्रा बेचने वाली महिला की कमाई चोरी करने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला रोज की तरह सुबह ताला लगाकर अपने काम पर निकली थी। जब वह दोपहर को घर लौटी तो देखा कि ताला टूटा हुआ है और अलमारी में रखे 1 लाख 15 हजार रुपए और गहना गायब हैं। बुजुर्ग महिला के लिए यह उसकी पूरी जमापूंजी थी, जिसे उसने पाई-पाई जोड़कर इकट्ठा किया था। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम हरकत में आई और इलाके में संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। मुखबिरों के जरिए पुलिस को जानकारी मिली कि एक युवक दोपहर के समय महिला के घर के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा था।

जिस पर पुलिस हरकत में आई और सुराग के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपी से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए पूरे पैसे और सामान को सुरक्षित बरामद कर लिया है। आरोपी ने मौका पाकर ताला तोड़ा था और उसे उम्मीद थी कि वह आसानी से बच निकलेगा, लेकिन पुलिस के सक्रिय नेटवर्क ने उसकी योजना पर पानी फेर दिया। इस त्वरित कार्यवाही ने आम जनता के बीच पुलिस की छवि को और बेहतर किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

